Wednesday, 20 April 2011

YE HAWAAYEN.....

ये हवाएँ
हमे बात नहीं करने देती  
हमारे-तुम्हारे बीच आकर 
अपने किस्से -कहानियां 
सुनाती हैं |
ये हवाएँ 
फिजा में तैरते 
उन  तमाम गीतों के 
तराने छेड़ती हैं जिनमे 
मिलन  और जुदाई के 
अफ़साने होते हैं |
ये हवाएं 
पुरानी सभ्यताओं के 
न जाने किन- किन 
लोगो से हमारी -तुम्हारी 
ख़ामोशी की चुगलियाँ करती हैं 
और 
वे सब अपने हथियारों और लांछनो से लैस होकर 
हमे घेर लेते हैं |
शायद 
इन्हें हमारी ख़ामोशी का सच हाथ लग गया |
हमने-तुमने 
इन सरसराती हवाओं के बीच कभी 
"हूँ "-"बोलो"
के सिवा कुछ कहा ही नहीं |
खामोश बस खामोश रहे हम, 
और ख़ामोशी से, 
अपने बीते  पलों के तिनके उठाते रहे|
अब  
ये हवाएं हमारे-तुम्हारे बीते  पलों के तिनके 
कहीं दूर उड़ा कर ले जाएँगी , 
बड़ी खतरनाक है 
ये हवाएं |
इन मुखालिफ और तेज़ हवाओं के बीच 
हम अपनी  मुठ्ठियाँ भीच कर उन पलों को 
जाने से रोक लें  जो हमने समय की  धरती से बटोरे थे |
शायद 
इससे ही कुछ पल कुछ समय ठहर जाये |
और 
हम इन हवाओं के बीच बात कर सके|
इन हवाओं के सारे 
गिले- शिकवे भूलकर 
इन हवाओं के बीच कुछ नए गीत ,
कुछ नए  अफ़साने गढ़ सके ,
इन हवाओं के बीच ठहरकर 
बात कर सके | 
ये हवाएं हमे बात करने देंगी |
                                                                 JUGAL

1 comment:

  1. ''लोगो से हमारी -तुम्हारी
    ख़ामोशी की चुगलियाँ करती हैं''
    !!!!!!!!!!!!!!!!!!!

    ReplyDelete